लातेहार (LATEHAR): झारखंड के लातेहार जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी कमांडर रविन्द्र गंझू की निशानदेही पर पुलिस ने AK-56 राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं. यह कार्रवाई लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा 209 के जवानों द्वारा चलाए गए विशेष अभियान ‘स्पेशल ऑप्स कांती’ के तहत की गई.
सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय रिजनल कमेटी सदस्य रविन्द्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू उर्फ सुरेंद्र गंझू को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की. इसी दौरान उसकी निशानदेही पर हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रविन्द्र गंझू ने कई माओवादी घटनाओं में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है.
रविन्द्र गंझू करीब 30 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था. 43 वर्षीय रविन्द्र लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के हेसला बांझो टोला का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, वह चंदवा, गुमला और लोहरदगा इलाके में सक्रिय रहकर माओवादी गतिविधियों को संचालित कर रहा था. उस पर लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा डालने, आम लोगों को डराने और सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने जैसे कई गंभीर आरोप हैं. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रविन्द्र गंझू के खिलाफ तीन जिलों में कुल 155 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
सुरक्षा बलों के लिए यह कार्रवाई बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, क्योंकि रविन्द्र गंझू लंबे समय से इलाके में माओवादी नेटवर्क को मजबूत करने में सक्रिय था. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे भी संगठन से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
