कोडरमा: पावर प्लांट की झाड़ियों में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका में जांच तेज

कोडरमा: पावर प्लांट की झाड़ियों में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका में जांच तेज

कोडरमा (KODERMA): जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र से एक संसानीखेजखबर सामने आई है जहां स्थित केटीपीएस बांझेडीह पावर प्लांट परिसर की झाड़ियों में मंगलवार को एक महिला का शव बरामद किया गया. मृतका की पहचान काको गांव निवासी बिंदु देवी के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को पहचान छिपाने की नीयत से झाड़ियों में फेंक दिया गया. इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार बिंदु देवी की शादी हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के दैहर गांव में हुई थी. पति की मृत्यु के बाद वह पिछले चार वर्षों से अपने मायके काको गांव में रहकर दो बेटियों और एक बेटे का पालन-पोषण कर रही थीं. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने के लिए करीब 20 दिन पहले उन्होंने बांझेडीह पावर प्लांट में रसोइया (कुक) के रूप में काम शुरू किया था. परिजनों के अनुसार वह दो दिन पहले काम पर गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं. परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. मंगलवार को पावर प्लांट में कार्यरत मजदूरों ने झाड़ियों में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी.

इस घटना कि सूचना मिलते ही चंदवारा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया. घटनास्थल की परिस्थितियों और शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं पर जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.