कोडरमा (KODERMA): झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड स्थित राजावर पंचायत के ठेसवा गांव में बुधवार को कथित धर्मांतरण के आरोप को लेकर तनाव की स्थिति बन गई. गांव में आयोजित एक ईसाई प्रार्थना सभा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और हिंदूवादी संगठनों ने विरोध जताया, जिसके बाद कुछ समय के लिए माहौल गर्मा गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया.
प्रार्थना सभा पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने किया विरोध
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गांव में बाहरी लोगों की मौजूदगी में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी और इस दौरान ग्रामीणों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था. जैसे ही इसकी जानकारी गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए. इस दौरान सभा में शामिल लोगों और विरोध कर रहे लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई. प्रार्थना सभा में मौजूद लोगों ने धर्म परिवर्तन के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया. उनका कहना था कि वे केवल धार्मिक प्रार्थना और उपासना के लिए एकत्र हुए थे तथा किसी भी व्यक्ति पर धर्म बदलने का दबाव नहीं बनाया गया. उनका दावा है कि यह नियमित धार्मिक गतिविधि थी, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और लोगों से संयम बरतने की अपील की. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. यदि जांच में धर्म परिवर्तन से जुड़ी किसी अवैध गतिविधि या कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : अरुण बरणवाल

