कोडरमा में दुकान में घुस कर दुकानदार को मारा चाकू,सुरक्षा पर उठा सवाल,लोगों ने किया सड़क जाम
कोडरमा में दिन दहाड़े दुकानदार पर चाकू बाजी की घटना से शहर में दहशत का माहौल बन गया.घटना से आक्रोशित लोग सड़क पर उतर गए और रांची-पटना मुख्य सड़क को दो घंटे टक जाम कर दिया. घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया.
कोडरमा में दिन दहाड़े दुकानदार पर चाकू बाजी की घटना से शहर में दहशत का माहौल बन गया.घटना से आक्रोशित लोग सड़क पर उतर गए और रांची-पटना मुख्य सड़क को दो घंटे टक जाम कर दिया. घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज किया जा रहा है. घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुँच कर तहकीकात में जुटी है. वहीं इस पूरे घटना पर भाजपा ने सवाल उठाया है. और राज्य में जंगल राज जैसा माहौल बता दिया.
दरअसल कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र के असनाबाद में दिनदहाड़े एक मोबाइल दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया गया. हमले में असनाबाद निवासी इम्तियाज अहमद उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा में भर्ती कराया गया है.
रविवार दोपहर 2 बजे गुड्डू अपनी मोबाइल दुकान पर मौजूद थे. और इसी बीच एक युवक दुकान में घुस कर उस पर चाकू से हमला कर दिया. जिसमें दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए.
दुकान के पास खड़े सईद नसीम के मुताबिक, वह घटना के समय दुकान के पास चाय पी रहे थे.उन्होंने देखा की दुकानदार को युवक चाकू मार कर भाग निकला. उन्होंने जब दुकानदार को लहू लहूलुहान देखा तो स्थानीय लोगों की मदद से घायल गुड्डू को निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. घायल इम्तियाज ने पुलिस को बताया कि गौरव कुमार नामक युवक ने उन पर चाकू से हमला किया.
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दुकान के पास से एक प्लास्टिक बैग में नए मोबाइल का डिब्बा और खरीदारी की रसीद बरामद की. रसीद पर असनाबाद निवासी गौरव कुमार सिंह का नाम अंकित बताया गया. वहीं, दुकान के काउंटर से गौरव कुमार सिंह के आधार कार्ड और पैन कार्ड की छायाप्रति भी मिली. पुलिस के अनुसार, आरोपी गौरव कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है.
घटना से आक्रोशित लोगों ने रांची-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. पुलिस ने शुरुआती करीब 10 मिनट में जाम हटवाया, लेकिन लोगों ने दोबारा सड़क जाम कर दिया. करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा. फिलहाल पुलिस हमले के कारणों और पूरी घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है.
वहीं इस घटना पर भाजपा विधायक अमित यादव ने सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि कोडरमा ही नहीं पूरे राज्य अराजकता जैसा माहौल है. कहीं भी कोई सुरक्षित नहीं है. हर जगह बदमाश और अपराध का बोल बाला है. बीच बाजार में हुई घटना ने कई सवाल खड़े दिए है. उन्होंने कहा कि पुलिस आज वसूली में लगी है और जनता भगवान भरोसे है.
रिपोर्ट:अरुण बर्नवाल