बैंक लूट की योजना बना रहे अपराधी का कोडरमा पुलिस ने किया हाफ एनकाउंटर, 3 गिरफ्तार
कोडरमा में बैंक लूट की साजिश नाकाम हो गई. पुलिस मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया. मुठभेड़ में तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार भी घायल हुए हैं. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और पुरानी वारदातों का पता लगाने में जुटी है.
कोडरमा (KODERMA):झारखंड के कोडरमा में बैंक लूट की योजना बना रहे 4 अपराधियों में से एक का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया है. मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है. बताया जा रहा है कि चारों अपराधी बिहार से आए थे और बैंक लूट की योजना बना रहे थे. जैसे ही पुलिस की नजर अपराधियों पर पड़ी, उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लगी है. पूरा मामला झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा बस्ती स्थित झरना कुंड का है.
पुलिस मुठभेड़ में एक अपराधी का हाफ एनकाउंटर
बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी बैंक लूट की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी तरफ से अपराधियों को घेर लिया. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी. इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी है. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, मौके से तीन अन्य अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के पैर में भी गंभीर चोट
मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के साथ-साथ तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के पैर में भी गंभीर चोट लगी है. फिलहाल घायल अपराधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, अन्य तीन अपराधियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है.पुलिस इस बात का खुलासा करने में जुटी है कि इनका गैंग पहले कितनी वारदातों को अंजाम दे चुका है और इनके साथ और कितने लोग जुड़े हुए हैं. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है.