यात्रीगण कृपया ध्यान दें...त्योहारों की बीच कोडरमा होकर चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, जानें शेड्यूल

त्योहारों का मौसम आ गया है. ऐसे में दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोडरमा के रास्ते एक अतिरिक्त पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. पूर्व रेलवे की ओर से कोलकाता और आलमनगर के बीच 03107/03108 पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा.

यात्रीगण कृपया ध्यान दें...त्योहारों की बीच कोडरमा होकर चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, जानें शेड्यूल

रांची (RANCHI): त्योहारों का मौसम आ गया है. ऐसे में दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कोडरमा के रास्ते एक अतिरिक्त पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. पूर्व रेलवे की ओर से कोलकाता और आलमनगर के बीच 03107/03108 पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा. ट्रेन दोनों दिशाओं में सात-सात फेरे लगाएगी. दरअसल, कोलकाता-आलमनगर ट्रेन 03107 प्रत्येक गुरुवार को चलेगी. अक्टूबर में 15, 22 और 29 तारीख तथा नवंबर में 5, 12, 19 और 26 तारीख को इसका परिचालन निर्धारित है. वहीं वापसी में 03108 आलमनगर-कोलकाता पूजा स्पेशल शनिवार को चलेगी. अक्टूबर में 17, 24 और 31 तथा नवंबर में 7, 14, 21 और 28 तारीख को ट्रेन चलेगी.

वही कोडरमा जंक्शन पर 03107 पूजा स्पेशल सुबह 7 बजकर 43 मिनट पर पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 7 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी. इसी तरह आलमनगर से कोलकाता लौटने वाली 03108 ट्रेन दोपहर 1 बजकर 23 मिनट पर कोडरमा पहुंचेगी और 1 बजकर 25 मिनट पर आगे के लिए रवाना होगी. ट्रेन का परिचालन धनबाद, गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड और गया सहित कई प्रमुख स्टेशनों के रास्ते किया जाएगा. त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेन मिलने से कोडरमा और आसपास के यात्रियों को आवाजाही में राहत मिलने की उम्मीद है.

इधर, पूर्व मध्य रेलवे की क्षेत्रीय रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य पिंटू कुमार सिंह ने ईसीआर की नई महाप्रबंधक डिंपी गर्ग से मुलाकात कर विभिन्न रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं. उन्होंने हावड़ा-गया वंदे भारत ट्रेन का पटना तक विस्तार करने की मांग करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकती है और रेलवे को भी लाभ होगा. इसके अलावा हजारीबाग रोड स्टेशन का नाम बदलकर सरिया स्टेशन करने, धनबाद, कोडरमा और गोमो स्टेशनों पर साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने तथा धनबाद से बेंगलुरु, पुणे और नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन की मांग भी की गई.