कोडरमा: मिड-डे मील खाने के बाद 4 दर्जन से ज्यादा बच्चे बीमार, अस्पताल में कराया गया भर्ती
कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद 4 दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. मामला जामू हरिजन टोला स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय का है. जानकारी के मुताबिक, स्कूल में उस दिन 62 बच्चे मौजूद थे. दोपहर के भोजन में चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी परोसी गई थी.
कोडरमा (KODERMA): जिले के मरकच्चो प्रखंड में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद 4 दर्जन से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. मामला जामू हरिजन टोला स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय का है. जानकारी के मुताबिक, स्कूल में उस दिन 62 बच्चे मौजूद थे. दोपहर के भोजन में चावल, दाल और आलू-सोयाबीन की सब्जी परोसी गई थी. खाना खाने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों ने पेट में तेज दर्द की शिकायत शुरू कर दी. देखते ही देखते कुछ बच्चे दर्द से परेशान होकर जमीन पर लेट गए, जिसके बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
बच्चों की हालत बिगड़ती देख स्कूल प्रबंधन और स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए उन्हें अलग-अलग वाहनों से मरकच्चो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. बताया जा रहा है कि बीमार हुए बच्चों में कक्षा 3 से 5 तक के छात्र शामिल हैं और उनकी उम्र करीब 8 से 12 वर्ष के बीच है. अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चों का इलाज शुरू किया. करीब एक घंटे तक उपचार और निगरानी के बाद बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई. घटना के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल देखा गया.
मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधीक्षक, अंचल अधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली. चिकित्सकों ने शुरुआती जांच के आधार पर बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वजह फूड प्वाइजनिंग होने की आशंका जताई है. हालांकि, भोजन में आखिर क्या गड़बड़ी थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है. अब जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मिड-डे मील में ऐसी कौन सी गड़बड़ी हुई, जिसके बाद एक साथ इतने बच्चों की तबीयत खराब हो गई.
रिपोर्ट- अरुण बर्नवाल