कोडरमा में भीड़ की दबंगई, 3 नाबालिगों से मारपीट के मामले में 150 पर FIR दर्ज

कोडरमा में तीन नाबालिगों से कथित मारपीट और बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ FIR दर्ज की है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है.

कोडरमा (KODERMA): जिले के सदर थाना क्षेत्र में तीन नाबालिगों के साथ कथित मारपीट और उन्हें बंधक बनाए जाने के मामले ने पुलिस की कार्रवाई तेज कर दी है. घटना के बाद पुलिस ने करीब 100 से 150 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. आरोप है कि नाबालिगों को बिजली के खंभे से बांधकर उनके साथ मारपीट की गई और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वाइरल हो गया. मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट, आईटी एक्ट समेत अन्य धाराएं लगाई हैं. पुलिस अब वायरल वीडियो और दूसरे उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि नाबालिगों की पहचान सार्वजनिक करना या उनका वीडियो प्रसारित करना कानून के तहत गंभीर मामला है.

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार की बताई जा रही है. ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़की के घर से दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा था. इसके बाद देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. आरोप है कि भीड़ ने तीनों नाबालिगों को रस्सी से बिजली के खंभे में बांध दिया और उनके साथ मारपीट की. इसी दौरान मौजूद कुछ लोगों ने घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने वीडियो को अपने संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच शुरू की और अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की. अब पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के जरिए भीड़ में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.

वहीं, इस पूरे मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है. नाबालिग लड़की की मां के बयान पर दोनों लड़कों के खिलाफ अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है. इसमें कथित तौर पर जबरन घर में घुसने और दुष्कर्म के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है. तीन नाबालिगों से मारपीट और वीडियो प्रसारित करने के मामले में पुलिस अवर निरीक्षक रोहित सिंह के आवेदन पर केस दर्ज हुआ है. थाना प्रभारी अरविंद कुमार के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.