कोडरमा: प्राचार्य शशि सर के निलंबन पर ABVP का प्रदर्शन, प्रशासन ने दिया लिखित आश्वासन
झुमरी तिलैया के सीडी गर्ल्स उच्च विद्यालय के प्राचार्य शशिभूषण सिंह के निलंबन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. प्राचार्य के समर्थन में अब छात्र-छात्राएं भी खुलकर सामने आ गए हैं. गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने झंडा चौक पर प्रदर्शन किया.
कोडरमा(KODARMA): झुमरी तिलैया के सीडी गर्ल्स उच्च विद्यालय के प्राचार्य शशिभूषण सिंह के निलंबन को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. प्राचार्य के समर्थन में अब छात्र-छात्राएं भी खुलकर सामने आ गए हैं. गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने झंडा चौक पर प्रदर्शन किया. इस दौरान छात्रों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए निलंबन वापस लेने की मांग की.
झंडा चौक पर कई घंटे चला प्रदर्शन
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभाविप के कार्यकर्ता शामिल हुए. सभी ने एक स्वर में शशिभूषण सिंह को दोबारा विद्यालय का प्राचार्य बनाने की मांग उठाई. प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर कोडरमा के अंचल अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी मांगों को सुना. इसके बाद प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी.
चार मांगों पर अड़ा विद्यार्थी परिषद
अभाविप ने प्रशासन के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं. संगठन की पहली मांग है कि शशिभूषण सिंह का निलंबन वापस लेकर उन्हें फिर से प्राचार्य बनाया जाए. दूसरी मांग उनके खिलाफ छात्रों को भड़काने के आरोप में दर्ज एफआईआर वापस लेने की है.
इसके अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी पर विद्यार्थियों को डराने-धमकाने और भविष्य खराब करने की धमकी देने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है. संगठन ने पूरे निलंबन मामले की जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है.
मांगें पूरी नहीं हुईं तो जारी रहेगा आंदोलन
अभाविप के जिला संयोजक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल सिंह ने कहा कि स्कूल में विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने के बजाय उन्हें डराना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि शशि सर के कार्यकाल में पढ़ाई और खेलकूद की गतिविधियों में सुधार हुआ है. यही वजह है कि विद्यार्थी उनके समर्थन में खड़े हैं. लिखित आश्वासन के बाद छात्र शुक्रवार, 6 नवंबर को सुबह 11 बजे कोडरमा अंचल कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगें रखेंगे. संगठन ने साफ किया है कि ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा. प्रदर्शन में मिथुन, सुधांशु यादव समेत सैकड़ों विद्यार्थी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट- अरुण बर्नवल