कोडरमा (KODERMA): कभी-कभी जिंदगी ऐसे मोड़ पर ले आती है, जहां कुछ लोगों की तत्परता किसी के लिए वरदान बन जाती है. ऐसा ही एक प्रेरणादायक मामला झुमरी तिलैया के राजगढ़िया रोड पर देखने को मिला, जब अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक गर्भवती महिला को चलती टोटो में प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. हालात इतने गंभीर हो गए कि महिला ने रास्ते में ही जुड़वा बच्चों को जन्म दे दिया. सौभाग्य से मौके पर मौजूद एएनएम की समझदारी और त्वरित कार्रवाई से मां और दोनों नवजात पूरी तरह सुरक्षित हैं.
दर्द बढ़ा तो रास्ते में ही बन गई प्रसव की स्थिति
मिली जानकारी के अनुसार, प्रसव पीड़ा होने पर परिजन गर्भवती महिला को टोटो से अस्पताल ले जा रहे थे. इसी दौरान राजगढ़िया रोड के पास महिला की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और प्रसव की स्थिति बन गई. परिवार के लोग घबरा गए, लेकिन तभी वहां से गुजर रही एएनएम प्रियंका कुमारी की नजर इस घटना पर पड़ी.
महिला की स्थिति को देखते हुए प्रियंका कुमारी तुरंत मदद के लिए आगे आईं. उन्होंने बिना देर किए मौके पर ही आवश्यक व्यवस्था संभाली और अपने अनुभव का उपयोग करते हुए टोटो में ही सुरक्षित प्रसव कराया. उनकी सतर्कता और कुशलता से महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया.
टोटो चालक ने भी निभाई अहम भूमिका
घटना के दौरान टोटो चालक ने भी संयम और जिम्मेदारी का परिचय दिया. उसने घबराने के बजाय वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका और प्रसव प्रक्रिया में पूरा सहयोग किया. सफल प्रसव के बाद एएनएम ने मां और दोनों नवजातों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं.
इस मानवीय घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने एएनएम प्रियंका कुमारी और टोटो चालक की जमकर सराहना की. लोगों का कहना है कि उनकी तत्परता और सेवा भावना की बदौलत एक बड़ी अनहोनी टल गई और तीन जिंदगियां सुरक्षित रहीं.