कोडरमा (KODERMA):झारखंड के कोडरमा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जिसे सुनकर किसी का भी सिर शर्म से झुक जाएगा.जहां चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौराही गांव में एक अधेड़ द्वारा पड़ोस में रहने वाली महिला के घर में घुसकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने का आरोप है.
पढ़े मामले पर पीड़ित महिला ने क्या कहा
घटना की जानकारी देते हुए पीड़िता ने बताया कि उसके पति हैदराबाद में काम करते हैं और वह अपने ससुराल चौराही गांव में अपने सास-ससुर और बच्चों के साथ रहती है. उसने बताया कि सोमवार की देर रात जब वह शौचालय से वापस अपने कमरे में जा रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाला एनुल हक नामक व्यक्ति जबरन उसे पकड़कर उसके कमरे में ले गया.
घर में अकेली थी
इसके बाद वह उसके साथ जबरदस्ती करने लगा.जब उसने शोर मचाने की कोशिश की तो एनुल ने अपने हाथों से उसका मुंह बंद कर दिया, उसके हाथ बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया. इसके बाद उसने उसके साथ बेरहमी से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. महिला ने बताया कि बीती रात उसके सास-ससुर और बच्चे घर की छत पर सो रहे थे, जबकि वह घर में अकेली थी. इसी का फायदा उठाकर एनुल ने इस घटना को अंजाम दिया.
लोग मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाने का आरोप
इधर, पीड़िता ने बताया कि सुबह होने पर जब वह एनुल के घरवालों से इस घटना को लेकर बात करने गई तो वे लोग मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाने लगे. इसके बाद उसने ग्रामीणों को इकट्ठा कर घटना की जानकारी दी.वहीं, इस घटना की सूचना चंदवारा थाना को भी दी गई. इसके बाद पुलिस गांव पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई.
एनुल अपने घर से फरार
इधर, घटना की जानकारी देते हुए चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार ने बताया कि महिला को थाने लाया गया है.उसका बयान दर्ज किया जा रहा है. साथ ही उसके मेडिकल कराने की तैयारी की जा रही है.उन्होंने बताया कि एनुल फिलहाल अपने घर से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.महिला द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

