कोडरमा: झुमरी तिलैया में बारिश ने खोली व्यवस्था की पोल, हाईवे डूबा तो जलजमाव में फंसी SDO की गाड़ी

कोडरमा के झुमरी तिलैया में भारी बारिश के बाद हाईवे और सर्विस रोड पर जलजमाव हो गया. हाईवे की एक लेन पानी में डूब गई, जबकि जायजा लेने पहुंची SDO की गाड़ी भी फंस गई.

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): कोडरमा के झुमरी तिलैया में लगातार हुई बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी. भारी बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग और सर्विस रोड पर जगह-जगह पानी जमा हो गया. हालात ऐसे बने कि हाईवे की एक लेन पूरी तरह जलमग्न नजर आई, जबकि सर्विस रोड पर कई वाहन पानी के बीच फंस गए. इसी दौरान इलाके का जायजा लेने पहुंची अनुमंडल पदाधिकारी यानी SDO की गाड़ी भी जलजमाव में फंस गई. काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला जा सका. शहर की सड़कों पर जमा पानी का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. इन्हें देखकर पहली नजर में ऐसा लग सकता है कि यह किसी बाढ़ प्रभावित इलाके की तस्वीर है, लेकिन यह नजारा कोडरमा के झुमरी तिलैया का है.

बारिश ने थामी शहर की रफ्तार, जलनिकासी पर उठे सवाल

बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई. मुख्य सड़क और सर्विस रोड पर पानी भरने से पैदल राहगीरों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हुई. कई जगह सड़क पर बने गड्ढे पानी में छिप गए, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया. स्थानीय लोगों और कारोबारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल शहर में जलजमाव की समस्या सामने आती है. इसके बावजूद जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है. लोगों का आरोप है कि थोड़ी तेज बारिश होते ही कई प्रमुख सड़कें पानी से भर जाती हैं और सामान्य यातायात प्रभावित होने लगता है.

व्यापारियों का कहना है कि जलजमाव का सीधा असर उनके कारोबार पर भी पड़ता है. वहीं राहगीरों को सड़क पार करने में काफी दिक्कत होती है. शहरवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से जलनिकासी व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान पैदा होने वाली इस समस्या का अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान जरूरी है.

रिपोर्ट- अरुण बर्नवाल