Breaking : कोडरमा में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर हालत में रिम्स रेफर

Breaking : कोडरमा में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर हालत में रिम्स रेफर

कोडरमा (KODERMA): झारखंड के कोडरमा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा मरकच्चो थाना क्षेत्र के बरियाडीह-तेतरोन मुख्य मार्ग पर बांसडीह (कारीपहरी) के पास हुआ. दोनों बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

मिली जानकारी के अनुसार, लालूडीह निवासी 25 वर्षीय अफसर अंसारी, पिता जुमन अंसारी, बाइक से अपनी ससुराल जयनगर थाना क्षेत्र के गरचांच जा रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई. दूसरी बाइक पर डोंगोडीह निवासी सेफ अली, पिता साकीर हुसैन, सवार था.

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की. रास्ते में ही अफसर अंसारी ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सेफ अली को पहले सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया. फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.

मरकच्चो थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही परिजन दोनों क्षतिग्रस्त बाइक और घायलों को निजी वाहन से सदर अस्पताल ले गए थे. अस्पताल पहुंचने से पहले अफसर अंसारी की मौत हो चुकी थी. वहीं दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स भेजा गया.पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है.

रिपोर्ट : अरुण बरनवाल