कोडरमा में CISF सब-इंस्पेक्टर की इलाज के दौरान मौत, ड्यूटी के बीच बिगड़ी थी तबीयत

कोडरमा KTPS में ड्यूटी के दौरान CISF सब-इंस्पेक्टर श्याम सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. 58 वर्षीय अधिकारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया

कोडरमा में CISF सब-इंस्पेक्टर की इलाज के दौरान मौत, ड्यूटी के बीच बिगड़ी थी तबीयत

कोडरमा (KODERMA): कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित कोडरमा थर्मल पावर प्लांट (KTPS) में ड्यूटी के दौरान CISF के सब-इंस्पेक्टर श्याम सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. मृतक की उम्र 58 वर्ष बताई जा रही है. वह प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे. अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के मुताबिक, श्याम सिंह सोमवार रात अपनी नियमित ड्यूटी के लिए KTPS पहुंचे थे. रात करीब एक बजे उन्हें अचानक सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई. ड्यूटी पर मौजूद उनके साथी कर्मचारियों ने उनकी हालत देखी और तुरंत मदद के लिए पहुंचे. कुछ ही देर में उनकी स्थिति गंभीर होने लगी. इसके बाद प्लांट प्रशासन को इसकी सूचना दी गई.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्लांट प्रबंधन ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था की और CISF अधिकारी को सदर अस्पताल भेजा. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. CISF अधिकारियों और सहकर्मियों की शुरुआती जानकारी के अनुसार, मौत का संभावित कारण कार्डियक अरेस्ट माना जा रहा है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

श्याम सिंह मूल रूप से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के रहने वाले थे. करीब एक वर्ष पहले उनका तबादला कोडरमा थर्मल पावर प्लांट में हुआ था. यहां वह CISF के सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे. पोस्टिंग के दौरान वह CISF क्वार्टर में अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार उत्तराखंड में ही रहता था. बताया जा रहा है कि वह नौकरी के अंतिम दौर में थे और लगभग दो वर्ष बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे.

घटना की जानकारी श्याम सिंह के परिजनों को दे दी गई है. CISF की ओर से आवश्यक कानूनी और विभागीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद उन्हें CISF की ओर से अंतिम सलामी दी जाएगी. इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान पिथौरागढ़, उत्तराखंड भेजने की तैयारी की जा रही है. सहकर्मी की अचानक मौत से CISF कर्मियों में शोक का माहौल है.