Breaking : कोडरमा में बेकाबू स्कॉर्पियो ने मां-बेटी को मारी टक्कर, दीवार से टकराई गाड़ी
कोडरमा के झुमरीतिलैया में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने महिला और उसकी एक साल की बेटी को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं. दुर्घटना के बाद गाड़ी प्रशिक्षण केंद्र की दीवार से टकरा गई. नशे की हालत में गाड़ी चलाने की बात आई सामने. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
कोडरमा (KODERMA): जिले से खबर सामने आ रही है जहां झुमरीतिलैया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला. ब्लॉक रोड पर एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने घर के बाहर खड़ी महिला और उसकी एक साल की बेटी को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं. टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण केंद्र की दीवार से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि भवन की दीवार को भी नुकसान पहुंचा. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
घर के बाहर बेटी के साथ खड़ी थी महिला
घायल महिला की पहचान ब्लॉक रोड निवासी पुष्पा देवी के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, वह अपनी एक साल की बेटी के साथ घर के बाहर प्रशिक्षण केंद्र के पास खड़ी थीं. इसी दौरान धनबाद नंबर की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मां-बेटी को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है.
स्कॉर्पियो में सवार एक युवक भी घायल
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला और बच्ची को टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर प्रशिक्षण केंद्र की दीवार से जा भिड़ी. गाड़ी में सवार एक युवक भी घायल हो गया. सूचना मिलने पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची और चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया. हालांकि, स्कॉर्पियो में सवार दो अन्य लोग मौके से फरार हो गए.
नशे की हालत में गाड़ी चलाने की बात आई सामने
हिरासत में लिए गए लकी पांडेय ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ बिहार के रजौली से झुमरीतिलैया में एक रिश्तेदार के घर आया था. उसके मुताबिक, सभी ने बीयर पी थी और ब्लॉक रोड से एनएच की ओर जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ. पुलिस ने घायल स्कॉर्पियो सवार पुष्पेश (निवासी झुमरीतिलैया) को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. वहीं, दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर थाने ले जाया गया है. पुलिस फरार लोगों की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी है.
रिपोर्ट- अरुण बर्णवाल