कोडरमा में SUV के गुप्त चैंबर से 277 लीटर विदेशी शराब बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

कोडरमा में SUV के गुप्त चैंबर से 277 लीटर विदेशी शराब बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार

कोडरमा (KODARMA) : जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जिले के एक चेक पोस्ट पर वाहन जांच के दौरान दो लग्जरी एसयूवी से गुप्त चैंबर में छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई. इस कार्रवाई में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है और तस्करी में इस्तेमाल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है.

पुलिस को मिली थी सूचना

पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार की ओर अवैध शराब की खेप भेजी जा रही है. सूचना के आधार पर सीमावर्ती इलाके में विशेष जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक स्कॉर्पियो और एक सफारी को रोकने का प्रयास किया गया. पहले दोनों वाहन तेजी से निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया.

भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद

शुरुआती तलाशी में वाहनों से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने गहन जांच की तो सीटों और मैट के नीचे विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त चैंबर मिले. जब इन चैंबरों को खोला गया तो उनमें से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई.

कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है

पुलिस के अनुसार जब्त शराब में विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की और बीयर शामिल हैं. कुल 277 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है.

मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू

गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं. पूछताछ के दौरान वे शराब के परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके. इसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहनों में बनाए गए गुप्त चैंबर इस बात की ओर इशारा करते हैं कि यह किसी संगठित शराब तस्करी गिरोह का काम हो सकता है. अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी हैं.

सख्त कार्रवाई की जाएगी

गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण झारखंड से अवैध शराब तस्करी की कोशिशें लगातार सामने आती रहती हैं. इसे देखते हुए कोडरमा और बिहार सीमा पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट – अरूण वर्णवाल