खूंटी (KHUNTI): खूंटी पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है. प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के एक सक्रिय और लंबे समय से फरार चल रहे उग्रवादी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान राजेन्द्र साहू उर्फ राजेन्द्र साव उर्फ मास्टर के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं.
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि राजेन्द्र साहू मुरहू थाना क्षेत्र के अपने गांव गम्हरिया में मौजूद है. सूचना मिलते ही एसपी ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम में तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार और सशस्त्र पुलिस बल के जवानों को शामिल किया गया.
छापेमारी टीम ने तय योजना के अनुसार गांव में पहुंचकर कार्रवाई की. पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा. लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्तौल और चार जिंदा गोलियां बरामद हुईं. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार राजेन्द्र साहू पीएलएफआई संगठन का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ खूंटी जिले के कई थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं. मुरहू. तोरपा. कर्रा और खूंटी थाना में उसके खिलाफ रंगदारी. अवैध हथियार रखने और उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े कई केस पहले से दर्ज हैं. वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश की जा रही थी.
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के आधार पर संगठन के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस ने कहा कि जिले में उग्रवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
