खूंटी: हाई-टेंशन तार से सटा धार्मिक रथ, दो छात्रों की मौत, छह झुलसे

खूंटी: हाई-टेंशन तार से सटा धार्मिक रथ, दो छात्रों की मौत, छह झुलसे

खूंटी (KHUNTI): जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. खेल-खेल में धार्मिक रथ खींच रहे स्कूली बच्चे 11,000 वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए. हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह अन्य बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतकों की पहचान चंदन कुमार (पिता– ननका यादव) और तिजेश्वर गोप (पिता– पाल गोप) के रूप में हुई है. दोनों छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ते थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, तोरपा थाना क्षेत्र में निधिवन रेस्टोरेंट के पास एक धार्मिक आयोजन का रथ खड़ा था. पास स्थित सरकारी स्कूल के कुछ बच्चे छुट्टी के दौरान वहां पहुंचे और खेल-खेल में रथ को धक्का देकर आगे बढ़ाने लगे. बच्चों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि रथ के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन गुजर रही है. जैसे ही रथ आगे बढ़ा, उसका ऊपरी हिस्सा बिजली के तार से टकरा गया. टक्कर होते ही पूरे रथ में हाई-वोल्टेज करंट दौड़ गया, जिससे रथ के संपर्क में आए सभी बच्चे करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए.

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग को सूचना देकर सप्लाई बंद कराई. इसके बाद सभी झुलसे बच्चों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह बच्चों को बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और गम का माहौल है.