भारत टेक्स 2026 में झारखंड की बांस से बनी स्टील बोतल और मग का जलवा, विदेशी खरीदारों ने की सराहना
भारत टेक्स 2026 में झारखंड के अनजनेया बांस क्लस्टर द्वारा निर्मित बांस से बनी स्टील बोतल और मग आकर्षण का केंद्र बने। पर्यावरण-अनुकूल इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से भी सराहना मिली
TNP DESK- भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स 2026 में झारखंड के हस्तशिल्प और नवाचार की अलग ही छाप देखने को मिल रही है. झारखंड पवेलियन में प्रदर्शित बांस से निर्मित स्टील बोतल और मग देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से आए खरीदारों और उद्योग प्रतिनिधियों का भी ध्यान अपनी ओर खींच रहे हैं. पारंपरिक बांस शिल्प को आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किए गए ये उत्पाद पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली का बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरे हैं.
पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा स्थित अनजनेया बांस क्लस्टर द्वारा तैयार किए गए इन उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन और उपयोगिता लोगों को खासा पसंद आ रही है. बांस और स्टेनलेस स्टील से बनी बोतल गर्म और ठंडे पेय का तापमान 12 से 14 घंटे तक बनाए रखती है. वहीं, बांस, स्टेनलेस स्टील और फूड-ग्रेड प्लास्टिक से तैयार मग 3 से 4 घंटे तक पेय को गर्म या ठंडा बनाए रखने में सक्षम है

पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों की बढ़ रही मांग
प्लास्टिक के विकल्प के रूप में बांस आधारित उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है. ऐसे में झारखंड के कारीगरों द्वारा तैयार किए गए ये उत्पाद पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ टिकाऊ जीवनशैली को भी बढ़ावा दे रहे हैं. भारत टेक्स 2026 में इन्हें मिल रही सराहना इस बात का संकेत है कि वैश्विक बाजार में भी इनकी अच्छी संभावनाएं हैं.
लोकल टू ग्लोबल' की दिशा में झारखंड की बड़ी पहल
भारत टेक्स 2026 झारखंड के लिए अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है. तसर सिल्क, जीआई टैग उत्पादों, हस्तकरघा, हस्तशिल्प और बांस आधारित नवाचारों के जरिए राज्य अपनी अलग पहचान बना रहा है. अनजनेया बांस क्लस्टर जैसे उद्यम स्थानीय कारीगरों को रोजगार और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ निर्यात की नई संभावनाओं को भी मजबूत कर रहे हैं.
आधुनिक तकनीक से तैयार हो रहे विश्वस्तरीय उत्पाद
अनजनेया बांस क्लस्टर पारंपरिक बांस शिल्प को आधुनिक डिजाइन और अत्याधुनिक तकनीक के साथ नया स्वरूप दे रहा है. यहां लेजर कटिंग, लेजर एनग्रेविंग, सीएनसी राउटिंग और कस्टमाइज्ड डिजाइन जैसी तकनीकों का उपयोग कर सजावटी उत्पाद, फर्नीचर और लाइफस्टाइल प्रोडक्ट तैयार किए जा रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं.
झारखंड के कारीगरों के लिए सुनहरा अवसर
भारत टेक्स 2026 में 130 से अधिक देशों के 6,000 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक शामिल हो रहे हैं. ऐसे में यह आयोजन झारखंड के एमएसएमई, कारीगरों और उद्यमियों के लिए वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने का बड़ा अवसर बनकर उभरा है. इससे राज्य के हस्तशिल्प और बांस आधारित उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ-साथ निर्यात और निवेश की संभावनाओं को भी बल मिलने की उम्मीद है.