जामतारा (JAMTARA): जिले के मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 स्थित निर्माणाधीन फुटबॉल स्टेडियम के पीछे बने तालाब में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. तालाब में नहाने के दौरान 30 वर्षीय युवक रवि कोल की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान हलुदकनली निवासी रवि कोल के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं. बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे रवि कोल स्नान करने के लिए तालाब में गया था. नहाते समय वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया और अधिक गहराई होने के कारण संतुलन खो बैठा. देखते ही देखते वह पानी में डूब गया और बाहर नहीं निकल सका.
घटना के समय तालाब के किनारे मौजूद दो छोटे बच्चों ने रवि को डूबते देखा. बच्चों ने तत्काल गांव पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी गई. कुछ स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर भी युवक की तलाश की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया. घटना की सूचना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग तालाब के आसपास जुट गए.
सूचना मिलते ही एएसआई सुजन रवानी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. युवक को बचाने के प्रयास में उन्होंने स्वयं तालाब में उतरकर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. इसके बाद केलाही गांव से अनुभवी गोताखोरों की टीम को बुलाया गया. गोताखोरों ने कई घंटों तक लगातार अभियान चलाने के बाद रवि कोल का शव तालाब से बाहर निकाला. बचाव अभियान में जैनुल अंसारी, जसीम अंसारी, नदीम अंसारी, अजीम अंसारी, सत्तार अंसारी, गुलु अंसारी, इरफान अंसारी, तैयब अंसारी, नईम अंसारी, अंसारुल अंसारी, शमीम अंसारी, फांका अंसारी, पठान अंसारी, शमशेर अंसारी और मुबारक अंसारी सहित कई स्थानीय गोताखोरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

