राशन कार्डधारियों की बढ़ी टेंशन! जामताड़ा में 24 हजार मामले जांच के घेरे में, 21 हजार मामले अब भी लंबित

राशन कार्डधारियों की बढ़ी टेंशन! जामताड़ा में 24 हजार मामले जांच के घेरे में, 21 हजार मामले अब भी लंबित

जामताड़ा (JAMTARA): झारखंड में राशन कार्डधारियों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. जिले में अपात्र राशन कार्डधारियों की पहचान कर उनके नाम राशन कार्ड से हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के KPI (V2) आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 24,119 मामले चिन्हित किए गए हैं. इनमें 21,235 मामले अभी लंबित हैं, जबकि 2,873 मामलों में नाम हटाने की कार्रवाई पूरी हो चुकी है. कुल 2,884 मामलों में कार्रवाई हुई है और अब तक करीब 11.96 प्रतिशत काम पूरा किया जा चुका है. विभाग का लक्ष्य सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक पहुंचाना है.

जिला आपूर्ति विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक 10,283 साइलेंट लाभुक चिन्हित किए गए हैं. इनमें 9,821 मामले लंबित हैं और 459 में कार्रवाई पूरी हो चुकी है. इसके अलावा 8,486 डुप्लीकेट लाभुक, 1,910 इनकम ग्रुप से जुड़े मामले, 350 चार पहिया वाहन मालिक, 324 ऐसे सदस्य जिनकी उम्र 100 वर्ष से अधिक है और 2,292 ऐसे एकल सदस्य चिन्हित किए गए हैं, जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम है. वहीं 234 सकल कारोबार, 181 Individual as Director, 35 PFMS, 21 Postal और 3 आधार स्टेटस से जुड़े मामले भी जांच के दायरे में हैं.

जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी के अनुसार छह महीने से एक वर्ष तक राशन नहीं उठाने वाले साइलेंट लाभुकों की जांच की जा रही है. इसके साथ ही आयकरदाता, चार पहिया वाहन मालिक और अन्य अपात्र श्रेणी में आने वाले लाभुकों का भी भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है. सत्यापन के दौरान अपात्र पाए जाने पर संबंधित राशन कार्ड और लाभुकों के नाम नियमानुसार हटाए जाएंगे. रिपोर्ट के अनुसार 24,119 मामलों में 11 लाभुक पात्र पाए गए हैं, जबकि हजारों मामलों की जांच अभी बाकी है. ऐसे में आने वाले दिनों में सत्यापन और नाम हटाने की कार्रवाई और तेज होने की संभावना है.