जामताड़ा स्टेशन पर भीषण हादसा, ट्रेन से गिरकर छात्र की मौत

जामताड़ा स्टेशन पर हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से गिरकर 18 वर्षीय छात्र मुन्ना शर्मा की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद RPF और GRP ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.

जामताड़ा स्टेशन पर भीषण हादसा, ट्रेन से गिरकर छात्र की मौत

जामताड़ा(JAMTARA): रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को हादसा हुआ जहां हटिया-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से गिरकर 18 वर्षीय छात्र मुन्ना शर्मा की मौत हो गई. हादसा इतना गंभीर था कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया. मृतक की पहचान देवघर जिले के बुढ़ई गांव निवासी मुन्ना शर्मा के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, मुन्ना परिवार के किसी सदस्य के इलाज के सिलसिले में रांची गया था और शुक्रवार को ट्रेन से वापस लौट रहा था. जामताड़ा स्टेशन के पास वह शौचालय से लौटने के बाद ट्रेन के दरवाजे के समीप खड़ा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन से नीचे पटरी पर जा गिरा. ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

बता दें, मुन्ना अपने परिवार का बड़ा बेटा था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की जानकारी गांव तक पहुंचते ही बुढ़ई में भी मातम पसर गया. कम उम्र में मुन्ना की मौत से ग्रामीण भी सदमे में हैं. परिवार के लोगों के मुताबिक, मुन्ना की असमय मौत ने सभी को गहरा आघात पहुंचाया है. एक छोटे से हादसे ने परिवार से उसका सहारा छीन लिया. घटना के बाद स्टेशन पर भी कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. यात्रियों और स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और मधुपुर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी. रेलवे पुलिस ने हादसे की जांच भी शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किस परिस्थिति में ट्रेन के दरवाजे से नीचे गिरा. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पैर फिसलने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर चलती ट्रेन के दरवाजे के पास खड़े रहने के खतरे को सामने ला दिया है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.