जामताड़ा (JAMTARA): पद्म भूषण से सम्मानित झारखंड आंदोलन के महानायक और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को जामताड़ा के गांधी मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने किया. इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने झारखंड आंदोलन तथा जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया.
सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण मिलना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है, लेकिन उनके योगदान का दायरा इससे कहीं बड़ा है. उन्होंने कहा कि आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए. उन्होंने इसे झारखंड की जनता की भावनाओं से जुड़ी मांग बताया. वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि इंदिरा चौक पर दिशोम गुरु की प्रतिमा स्थापित होना पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन त्याग, संघर्ष और जनसेवा की मिसाल है.
रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि युवाओं को दिशोम गुरु के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और राज्य के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए. उन्होंने कहा कि यह फुटबॉल टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नई पीढ़ी तक गुरुजी के विचारों और संघर्ष की विरासत पहुंचाने का माध्यम भी है. खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और भाईचारे की भावना विकसित करते हैं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक शामिल हुए. सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प लिया.

