जामताड़ा: RTO ई-चालान का फर्जी APK भेजकर करते थे ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार, ऐसे फंसाते थे लोगों को

जामताड़ा में RTO ई-चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर कथित साइबर ठगी करने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनके पास से 4 मोबाइल और 3 सिम कार्ड बरामद हुए हैं.

जामताड़ा: RTO ई-चालान का फर्जी APK भेजकर करते थे ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार, ऐसे फंसाते थे लोगों को

जामताड़ा (JAMTARA): साइबर ठगी के लिए बदनाम जामताड़ा में अपराधियों के एक नए तरीके का पुलिस ने खुलासा किया है. इस बार लोगों को RTO ई-चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाया जा रहा था. जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के बाद डीएसपी साइबर अपराध अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के सुंदरजोरी गांव में सोनू कुमार मंडल के घर पर छापेमारी की. पुलिस के मुताबिक, यहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इनकी पहचान सुंदरजोरी निवासी 21 वर्षीय गौतम कुमार मंडल और 19 वर्षीय सोनू कुमार मंडल के रूप में हुई है.

पुलिस की जांच में ठगी के तरीके को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है. पुलिस का दावा है कि आरोपी लोगों के WhatsApp नंबर पर RTO E-Challan से जुड़ा मैसेज भेजते थे और उसमें फर्जी APK फाइल इंस्टॉल करने के लिए कहते थे. जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल करता, उसकी गोपनीय जानकारी कथित तौर पर आरोपियों तक पहुंच जाती थी. इसके बाद हासिल की गई जानकारी का इस्तेमाल कर ई-वॉलेट के माध्यम से ऑनलाइन ठगी की जाती थी. पुलिस के अनुसार, आरोपी केवल झारखंड ही नहीं बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाते थे. छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड जब्त किए गए हैं.

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल समेत अन्य पुलिस अधिकारी शामिल रहे. पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच कर आरोपियों के संपर्क, बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन से जुड़ी जानकारी खंगाल रही है. मामले में 21 सितंबर 2026 को साइबर अपराध थाना कांड संख्या 60/26 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तरीके से कितने लोगों को निशाना बनाया गया और इसके पीछे किसी बड़े साइबर नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है.

रिपोर्ट- आर पी सिंह