जामताड़ा (JAMTARA): साईबर ठगी के मामले हमें आए दिन सुनने को मिलते हैं, पर जामताड़ा का नज़ारा कुछ और ही है. यहाँ लोग रहते तो जामताड़ा जिले में थे, लेकिन उनका नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ था. जिले में तीन कुख्यात साइबर अपराधी पकड़े गए है. इन अपराधियों की करतूत अलग अंदाज के थे. पुलिस को यह उपलब्धि गुप्त सूचना के आधार पर मिली है. उनके पास से 6 मोबाइल फोन, 4 सिम कार्ड बरामद किए गए है. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इनका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ है. साइबर डीएसपी ने बुधवार को बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के बाद एक विशेष दल का गठन किया गया था.
करमाटांड थाना क्षेत्र के दो गांवों से की गई है गिरफ्तारी
दल ने करमाटांड थाना क्षेत्र के पारटेल बांस और तारा बहाल गांव में छापेमारी कर गिरफ्तारी की है. पुलिस जांच में सामने आया है कि अपराधी लोगों को Easy my deal नामक ऐप के जरिए फर्जी कैशबैक ऑफर का संदेश भेजते थे. उन्हें 1,999 रुपए के कैशबैक का लालच देते थे और संदेश एक्सेप्ट करने के लिए प्रेरित करते थे. जैसे ही कोई यह संदेश स्वीकार करता था, उसके बैंक खाते से पैसे कट कर अपराधियों द्वारा नियंत्रित खातों में ट्रांसफर हो जाते थे. ठगी की राशि को छुपाने के लिए यह विभिन्न कंपनियों के गिफ्ट कार्ड खरीदते थे.
ठगी की रकम को छुपाने के लिए नया तरकीब अपनाते थे
बाद में इन गिफ्ट कार्ड को कमीशन पर बेच देते थे, जिससे ठगी की रकम को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था. जांच में यह भी सामने आया है कि अपराधी पीड़ितों से एपीके फाइल डाउनलोड करवा कर उनकी बैंकिंग जानकारी चुरा लेते थे और फिर बैंक खातों तक पहुंच बना लेते थे. जानकारी के अनुसार इनमें से एक फोन किया करता था कि उनका क्रेडिट कार्ड बंद होने वाला है या नया कार्ड जारी किया जाना है. इसके बाद वह पीड़ितों को मोबाइल में एक एपीके फाइल डाउनलोड करवाता था. फाइल डाउनलोड होते ही आरोपी पीड़ित के मोबाइल और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी तक पहुंच बना लेते थे और फिर रकम निकालकर ठगी को अंजाम देते थे.

