पति ने पत्नी को लगाया करंट, फिर टांगी से वार कर उतारा मौत के घाट, फिर खुद के साथ .....
झारखंड के जामताड़ा जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में गुरुवार की रात करीब 9 बजे एक पति ने कथित तौर पर टांगी से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने चाकू से अपने गले पर भी वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया. मृतका की पहचान बसंती देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम मनोज रजवार बताया गया है.
जामताड़ा (JAMTARA): झारखंड के जामताड़ा जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में गुरुवार की रात करीब 9 बजे एक पति ने कथित तौर पर टांगी से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने चाकू से अपने गले पर भी वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया. मृतका की पहचान बसंती देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम मनोज रजवार बताया गया है. इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. वहीं, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मनोज रजवार सुबह करीब 10 बजे एक रिश्तेदार के घर से वापस लौटा था. रात में खाना खाने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर पहले पत्नी को बिजली का करंट लगाया. इसके बाद टांगी से उसके सिर और पेट पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने के कारण बसंती देवी की मौके पर ही मौत हो गई. पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने चाकू से अपने गले पर वार कर लिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मनोज रजवार अपनी पत्नी के मायके में घर की बातें बताने को लेकर नाराज रहता था. इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. इतना ही नहीं, परिजनों के मुताबिक, झगड़े के दौरान आरोपी कई बार पत्नी को जान से मारने की धमकी भी देता था. बताया गया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से इस मुद्दे पर तनाव चल रहा था. बसंती देवी और मनोज रजवार की नौ बेटियां हैं. इनमें से दो की शादी हो चुकी है, जबकि सात बेटियां अभी घर पर ही रहती हैं. मां की हत्या के बाद परिवार की स्थिति बेहद दुखद हो गई है.
घटना की सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना की पुलिस देर रात गांव पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि घटना की सूचना देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच मिली थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी को हिरासत में लेकर उसका इलाज कराया जा रहा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.