राह चलते लोगों को सरेआम बकी गालियां, PCR गाड़ी आती देख भाग रहे युवकों ने एक साथ ठोंक दीं 3-4 गाड़ियां, वीडियो वायरल
जमशेदपुर के साकची इलाके में देर रात नशे में धुत कार सवार पांच युवकों ने जमकर हंगामा किया. बसंत टॉकीज के पास भाजपा कार्यालय के सामने हुई इस घटना में युवकों पर राहगीरों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप है. करीब 20 मिनट तक चले हंगामे के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के साकची इलाके में देर रात नशे में धुत कार सवार पांच युवकों ने जमकर हंगामा किया. बसंत टॉकीज के पास भाजपा कार्यालय के सामने हुई इस घटना में युवकों पर राहगीरों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप है. करीब 20 मिनट तक चले हंगामे के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों युवकों को पकड़ लिया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे कार सवार पांच युवक बसंत टॉकीज के नजदीक पहुंचे. आरोप है कि सभी नशे की हालत में थे और सड़क से गुजर रहे लोगों के साथ उलझने लगे. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने राहगीरों के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान लोगों को धमकाने का भी आरोप है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का पीसीआर वाहन खड़ा था. स्थानीय लोगों ने जब पुलिस को घटना की जानकारी दी, तो पीसीआर वाहन मौके पर पहुंचा. पुलिस को देखते ही कार सवार युवकों ने वहां से भागने की कोशिश की. इस दौरान उनकी कार की चपेट में आने से कई वाहनों को टक्कर लगने की बात सामने आई है. स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से युवक मौके से भाग नहीं सके. बाद में अतिरिक्त पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचा, जिसके बाद सभी पांच युवकों को पकड़ लिया गया. बताया जा रहा है कि इस दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी उलझने की कोशिश की.
जानकारी के अनुसार, कार की तलाशी के दौरान शराब, बेसबॉल बैट और अन्य सामान मिलने की बात सामने आई है. घटना के बाद साकची इलाके में कुछ देर तक तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है. पकड़े गए युवकों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस के बयान और आगे की कार्रवाई से मामले की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है.