जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जिले के उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है. उसका शव आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों से बरामद किया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
परिजनों के अनुसार विकास सिंह शनिवार रात अपने एक रिश्तेदार से मिलने उलीडीह गया था. वहां कुछ समय बिताने के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचा. जब परिवार वालों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की और कोई जानकारी नहीं मिली, तो उसकी तलाश शुरू की गई. परिजन रात भर संभावित स्थानों पर उसे खोजते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
रविवार सुबह परिवार को एक स्थानीय युवती का फोन आया, जिसने आदिवासी क्लब के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की. यह खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई. प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने के स्पष्ट निशान हैं. चोटों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच आगे बढ़ा रही है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
मृतक के भाई ने आशंका जताई है कि इलाके में सक्रिय कुछ नशेड़ी तत्व इस घटना में शामिल हो सकते हैं. उनका कहना है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे ऐसी घटनाएं होने की संभावना बनी रहती है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और हत्या के तरीके को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है.