जमशेदपुर में मामूली सी बात पर पीटपीट कर युवक की हत्या,जांच में जुटी पुलिस   

जमशेदपुर में मामूली सी बात पर पीटपीट कर युवक की हत्या,जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): शहर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है.कभी गोली तो कभी लाठी डंडे से किसी को भी अपराधी बेखौफ मार कर खत्म कर रहे है. अब एक और मामला परसुडीह से सामने आया. जहां मामूली विवाद में पीटपीट कर एक युवक की हत्या कर दी गई. घटना के बाद ईलाके में सनसनी फैल गई. साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुटी है.         

बता दे कि मामला परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधडीह से सामने आया है. जहां  बुधवार देर रात एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सोपोडेरा निवासी 27 वर्षीय रोहित मुंडा के रूप में हुई है. गुरुवार सुबह पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

जानकारी के अनुसार, रोहित मुंडा बुधवार रात सालगाझरी में अपने दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल हुआ था. पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया और सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए. बताया जा रहा है कि देर रात बांधडीह बस्ती में फिर से विवाद भड़क गया. इसी दौरान कुछ युवकों ने रोहित को घेर लिया और लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

घटना के बाद परिजन रोहित को अस्पताल ले जाने के बजाय घर ले आए. परिजनों का कहना है कि घर पहुंचने के बाद उसने पानी भी पिया था, लेकिन कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि घायल को समय पर इलाज के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया, जिसकी भी जांच की जा रही है.

मृतक के साथी बजरंग का आरोप है कि पूरी घटना की वजह बाइक चोरी का शक था. उसका कहना है कि पार्टी के बाद एक युवक की बाइक रोहित अपने घर ले आया था, जिसके बाद उसे चोर समझकर उसके साथ मारपीट की गई. हालांकि पुलिस अभी इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है और सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

इधर, मृतक के परिजनों ने बस्ती के सुजल, हरिपद समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का जल्द खुलासा होने की उम्मीद है.