जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): किसी भी परिवार के लिए अपना घर सिर्फ होना किसी सपने से कम नहीं होता है. वही आज जब जमशेदपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 300 से अधिक लाभुकों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं. चाभी मिलने से उनके चहरे में खुशी खुशी साफ झलक रही थी.
कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड सरकार के भवन निर्माण एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने ऑनलाइन माध्यम से किया. इस अवसर पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा दास साहू, जिला उपायुक्त समेत कई प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.
समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लाभुकों के बीच घरों की चाबियां वितरित कीं. चाबी मिलते ही कई परिवार भावुक हो गए. लाभुकों ने कहा कि घर मिलने में समय जरूर लगा, लेकिन आखिरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनको घर मिल ही गया.
सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा दास साहू ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है. यह योजना केवल मकान नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा का भी प्रतीक है.
कार्यक्रम के बाद नए घरों में गृह प्रवेश की पूजा की गई. पूरे विधि-विधान के साथ लाभुकों ने अपने घर मे प्रेवेश किया. 300 से अधिक परिवारों के लिए यह दिन जीवनभर की याद बन गया, क्योंकि अब उनके पास अपना स्थायी आशियाना है, जहां वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित जीवन की नई शुरुआत कर सकेंगे.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा

