जमशेदपुर में मजदूरों का प्रदर्शन, 12 घंटे काम कराने का उठाया मुद्दा
आदित्यपुर में कोल्हान सह टायो मजदूर यूनियन के बैनर तले मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. पूर्व विधायक अरविंद सिंह की अगुवाई में मजदूरों ने मानव श्रृंखला बनाई. यूनियन ने कई जगह 12 से 15 हजार रुपये वेतन में 10 से 12 घंटे तक काम कराने और जरूरी सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया.
जमशेदपुर (JAMSEDPUR): आदित्यपुर में मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर रविवार को प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में मजदूर सड़क पर उतरे और काम के घंटे, कम वेतन और काम के दौरान मिलने वाली सुविधाओं का मुद्दा उठाया. प्रदर्शन कोल्हान सह टायो मजदूर यूनियन की ओर से किया गया.
यूनियन के अध्यक्ष और पूर्व विधायक अरविंद सिंह की अगुवाई में मजदूरों ने आदित्यपुर खरकई पुल से मानव श्रृंखला बनाई. इसके बाद सभी गम्हरिया के घोड़ा बाबा मंदिर परिसर पहुंचे, जहां सभा की गई.
12 से 15 हजार वेतन में 12 घंटे काम कराने का आरोप
सभा में अरविंद सिंह ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी कंपनी या उद्योग के खिलाफ नहीं है. वे सिर्फ चाहते हैं कि जिन मजदूरों की मेहनत से कंपनियां चल रही हैं, उन्हें भी सही वेतन और जरूरी सुविधाएं मिलें.
उन्होंने कहा कि पहले कंपनियों में आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट में काम होता था, लेकिन अब कई जगह मजदूरों से 10 से 12 घंटे तक काम कराया जा रहा है.
अरविंद सिंह ने दावा किया कि कई मजदूर दूर-दराज के इलाकों से काम करने आते हैं और उन्हें महीने में सिर्फ 12 से 15 हजार रुपये वेतन मिलता है. इतने लंबे समय तक काम करने के बाद भी कई जगह उन्हें जरूरी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं.
उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि उद्योग आगे बढ़ें, लेकिन इसके साथ मजदूरों का भी ख्याल रखा जाए. मजदूर सुरक्षित रहें और उनकी मेहनत का पूरा सम्मान हो.
सभा को शैलेश पाण्डेय, केशव मिश्र, शशी मिश्र, ओम प्रकाश मिश्रा और अजय कुमार शर्मा ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन कुमार बसंत ने किया, जबकि जवाहरलाल महाली ने धन्यवाद दिया.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा