हाथी के हमले से चांडिल में बुजुर्ग महिला की मौत, चाकुलिया में एक घायल

हाथी के हमले से चांडिल में बुजुर्ग महिला की मौत, चाकुलिया में एक घायल

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया और सरायकेला-खरसावां जिले का चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का कहर जारी है. चांडिल वन क्षेत्र में हाथियों ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली तो चाकुलिया वन क्षेत्र में एक बुजुर्ग को हाथियों ने घायल कर दिया. दोनों घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है. महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया तो घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. बुजुर्ग की हालत भी गंभीर है. दोनों जगहों पर जंगली हाथियों के उपद्रव के कारण लोगों का अब दिन में भी घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. 100 से अधिक जंगली हाथी चाकुलिया और चांडिल वन क्षेत्र में विचरण कर रहे है. वन विभाग हाथियों से लोगों को सुरखा नहीं दे पा रहा है. लोगों में वन विभाग के प्रति रोष देखा जा रहा है. लोगों की जान लेने और घायल करने के अलावा हाथी घरों को भी तोड़ रहे हैं, जबकि खेतों को भी भारी मात्रा में नुकसान पहुंचा रहे है. हाथी ग्रामीणों के लिए आतंक का पर्याय बन गए है. 

घर में सो रही महिला की हाथी के हमले में मौत
चांडिल वन क्षेत्र के लावा कुटाम स्थित वनडीह टोला में गुरुवार की रात हाथी के हमले में चम्पा मुंडा नामक महिला की मौत हो गई. महिला अपने घर में सो रही थी. इसी दौरान हाथी गांव में घुसा और महिला के घर को ध्वस्त कर दिया. भागने के क्रम में महिला हाथी के चपेट में आ गई. हाथी ने उसे उठा कर पटक दिया. मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घर के अन्य सदस्य बाल-बाल बचे. सभी ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई. लेकिन चंपा को हाथी ने अपनी चपेट में ले लिया. शुक्रवार की सुबह वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. हाथियों के कारण गांव में दहशत है.


चाकुलिया में सड़क पर बुजुर्ग को पटका
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड स्थित जमुआ गांव के पास हाथियों के झुंड ने डेरा डाल रखा है. शुक्रवार की सुबह जमुआ पंचायत के इंदबनी गांव के पास काबुल मुंडा (60) को एक हाथी ने पटक कर घायल आर दिया. काबुल मुंडा बेनशोली गांव के रहने वाले हैं और पैदल किसी काम से  इंदबनी गांव जा रहे थे. इसी क्रम में बीच सड़क पर उनका सामना एक हाथी से हो गया. हाथी ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी. वन विभाग के टीम के पहुंचने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां से बुजुर्ग को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया. ग्रामीणों के अनुसार इंदबनी जंगल में 3 हाथियों ने डेरा डाल रखा है. इससे ग्रामीणों में दहशत है.