आदित्यपुर में संदिग्ध हालात में महिला की मौत, ससुराल पक्ष पर लगा प्रताड़ना का आरोप, तीन साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राममड़ैया बस्ती में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान माधुरी मछुआ के रूप में हुई है. मंगलवार देर रात गंभीर हालत में उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राममड़ैया बस्ती में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान माधुरी मछुआ के रूप में हुई है. मंगलवार देर रात गंभीर हालत में उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. महिला की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, माधुरी मछुआ मूल रूप से पश्चिम सिंहभूम जिले की रहने वाली थी. करीब तीन वर्ष पहले उसने आदित्यपुर के राममड़ैया बस्ती निवासी गणपत मछुआ के साथ प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी. मायके पक्ष के परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही माधुरी को ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. हालांकि, प्रताड़ना से जुड़े इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
मौत के बाद ससुराल पक्ष पर उठे सवाल
माधुरी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसे गंभीर अवस्था में टीएमएच ले जाया गया था. यहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. महिला की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे. इसके बाद उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले को संदिग्ध बताया.
परिजनों का यह भी आरोप है कि माधुरी की मौत के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो गए हैं. हालांकि, उनके फरार होने की बात की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. दूसरी ओर, पति गणपत मछुआ या ससुराल पक्ष की ओर से मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. मायके पक्ष ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की है, ताकि मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा.
रिपोर्ट : रंजीत ओझा