जमशेदपुर में जहरीले सांप के डसने से महिला की मौत, गांव में मातम

जमशेदपुर में जहरीले सांप के डसने से महिला की मौत, गांव में मातम

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र में सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई है. इस घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय गौरी सबर के रूप में हुई है. वह गालूडीह थाना क्षेत्र के केशपुर पंचायत अंतर्गत बागालगोड़ा गांव की रहने वाली थी. परिजनों के अनुसार, घटना बुधवार तड़के करीब तीन बजे की है. गर्मी के कारण गौरी अपने घर के कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी. रात के दौरान अचानक उसकी नींद खुली और उसे कंधे में तेज दर्द महसूस हुआ. जब उसने देखा तो एक सांप उसे डंस चुका था. महिला के शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य जाग गए. परिजनों ने तुरंत कमरे की लाइट जलाई. इस दौरान बिस्तर से कुछ दूरी पर एक जहरीला सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया. घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई. परिवार के लोग बिना समय गंवाए महिला को इलाज के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया.

रास्ते में ही हो गई मौत
एमजीएम अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही गौरी की तबीयत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इधर, घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने घर में मौजूद सांप को मार डाला. पुलिस की मौजूदगी में महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. गौरी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जो मां की मौत के बाद बेसुध हैं. गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है. प्रशासन ने बरसात और गर्मी के मौसम में सांपों के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.