जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता से हथियार के बल पर लूट की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, बरिगोड़ा निवासी सब्जी विक्रेता अनिल अपने घर से साकची सब्जी मंडी जा रहे थे.जहां सलगाझुरी रेलवे फाटक बंद होने के कारण वह पुलिया के नीचे से होकर गुजर रहे थे.इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और हथियार का भय दिखाकर उनका मोबाइल फोन, गले की चेन तथा जेब में रखी नकदी लूट ली.
मोबाइल, चेन और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए.घटना के तुरंत बाद अनिल ने परसुडीह थाना के टाइगर मोबाइल को सूचना दी.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी. टाइगर मोबाइल की टीम ने एक संदिग्ध का पीछा भी किया, लेकिन वह अंधेरे और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके. इसके साथ ही पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी हुई है.इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है.

