जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में भाजपाइयों ने शनिवार को जमकर बवाल काटा. पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने बवाल काटा. एमजीएम अस्पताल में तैनात होम गार्ड के जवानों पर भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए बवाल काटा गया. जवानों पर कार्रवाई की मांग पर भाजपाई अस्पताल के मेन गेट पर धरना पर बैठ गए और मारपीट का विरोध जताया. गुंजन यादव ने कहा कि होमगार्ड जवानों ने भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा और उनके जीजा के साथ को लाठी-डंडे से पीटा. दोनों की इतना पिटा गया कि लाठी ही टूट गई. बताया कि भुइयांडीह के लकड़ीटाल निवासी मनीष शर्मा अपनी गर्भवती बहन को इलाज के लिए एमजीएम लेकर आए थे. मरीज का सही से इलाज नहीं किया गया. जब इसको लेकर मनीष शर्मा ने शिकायत की तो उन्हें और उनके जीजा के साथ मारपीट की गई. दोनों को बंधक बना कर रखा गया. मारपीट में उन्हें चोट भी आई है. गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत पर जब वे भी अस्पताल पहुंचे तो जवानों ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया.
पुलिस ने सुलझाया मामला
हंगामे की सूचना पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भाजपाइयों को समझाबुझा कर मामला शांत कराया. ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार अस्पताल पहुंचे. लाठी को जब्त कर लिया और होम गार्ड के जवानों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद भाजपाइयों ने हंगामा समाप्त किया. वहीं, घायल भाजपा कार्यकर्ता और उनके जीजा का इलाज कराया गया. भाजपाइयों में पुलिस से दोषी होम गार्ड के जवानों पर केस दर्ज कराने की मांग की है. पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग भी की गई.
डॉक्टरों ने शिकायत पर नहीं दिया ध्यान
मारपीट में घायल भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा ने कहा कि कुछ दिन पहले वे अपनी बहन को प्रसव के लिए एमजीएम में भर्ती कराया था. नॉर्मल प्रसव की संभावना के बाद भी ऑपरेशन कर डिलेवरी कराया गया. ऑपरेशन के टांका में सूजन होने के कारण बहन को दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान बहन की नियमित जांच नहीं की गई. शिकायत करने पर भी डॉक्टरों ने ध्यान नहीं दिया. शनिवार को वे और जीजा अस्पताल के वेटिंग हॉल में बैठे थे. इस दौरान होम गॉर्ड के जवानों ने उन्हें वहां से हटने बोला. इसका विरोध करने पर हम दोनों के साथ मारपीट की गई. उन्हें कमरे में बंद कर काफी पीटा गया.

