टीएनपी डेस्क (TNP DESK):जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में 27 जून की रात हुए हत्याकांड मामले में अब धीरे-धीरे आरोपियों पर शिकंजा कसता जा रहा है. इस मामले में अब तक तीन लोगों ने सरेंडर किया है. डीडी बार के संचालक नीरज कुमार सिंह को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है. अब पुलिस हिमांशु सिंह हत्याकांड में घायल प्रत्युष, जो कोलकाता के अस्पताल में भर्ती है, उसका भी बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है. अब तक इस मामले में चार गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके है, जिसके बाद अब बीजेपी नेता नीरज सिंह पर पुलिस का फोकस हो चुका है. चारों गवाहों के बयानों के आधार पर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए है.जिससे नीरज सिंह की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है.
चार गवाहों के बयान से हुए बड़े खुलासे
इन चार गवाहों की गवाही में इस बात का खुलासा हुआ है कि नीरज कुमार सिंह अक्सर बार में आने वाले हिमांशु और उसके साथियों को डराया-धमकाया करता था. गवाहों के अनुसार, नीरज सिंह ने ही फोन पर मुख्य आरोपी बोदरा को बार में बुलाया था, जिसके बाद इस बड़े हत्याकांड को अंजाम दिया गया. आपको बता दें कि अब तक इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी के तौर पर बोदरा को देखा जा रहा था, लेकिन अब पूरा फोकस बीजेपी नेता नीरज सिंह पर आकर टिक चुका है. पुलिस अब राहुल दुबे को सरकारी गवाह बनाने की तैयारी में है, ताकि नीरज सिंह पर शिकंजा कसा जा सके.
आगे जांच में बढ़ सकती है नीरज सिंह की मुश्किल
पुलिस अब कड़ी से कड़ी जोड़कर मामले की जांच कर रही है. तकनीकी साक्ष्यों और बीएनएस के तहत अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा रहा है. पुलिस कोलकाता के अस्पताल में भर्ती इस हत्याकांड में घायल प्रत्युष आनंद का बयान भी दर्ज करेगी. पुलिस कोलकाता से लौट चुकी है, लेकिन प्रत्युष की हालत ऐसी नहीं है कि वह अभी बयान दर्ज करा सके. पुलिस की ओर से उसके परिवार को कहा गया है कि जैसे ही उसकी तबीयत में सुधार होगा और डॉक्टर अनुमति देंगे, उसका बयान दर्ज किया जाएगा.

