जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): डिमना लेक को पर्यटन हब बनाने की योजना पर काम हो रहा है. लेकिन यहां के हालात चिंताजनक है. जमशेदपुर का प्रमुख पर्यटन स्थल डिमना लेक इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर चर्चा में है. यह स्थल अब असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है. स्थिति ऐसी है कि लेक के आसपास शराब की खाली बोतलें, प्लास्टिक कचरा और अन्य इस्तेमाल की गई सामग्री बिखरी पड़ी दिखाई देती हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार दिनभर लेक क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. कई लोग यहां खुलेआम शराब का सेवन करते हैं और बोतलों को जहां-तहां फेंक चले जाते हैं. यहां अड्डेबाजी दिन भर चलती है. इसके यहां आने वाले पर्यटक खुद को असहज महसूस करते हैं. लगातार बढ़ रही गंदगी और असुरक्षा की भावना के कारण पर्यटकों की संख्या पर भी असर पड़ रहा है. बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित इस डिमना लेक में पुलिस की पेट्रोलिंग ना के बराबर हैं. नियमित पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े हुए हैं. यहां नियमित साफ-सफाई भी नहीं की जा रही है. बीच बीच में यहां सफाई अभियान चलाया जाता है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर स्थिति जस की तस हो जाती है.
स्कूली बच्चों ने उठाया सफाई का जिम्मा
डिमना लेक में पसरी गंदगी के बीच शहर के स्कूली बच्चों ने इसकी सफाई का जिम्मा उठाया है. करीम सिटी कॉलेज, ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल समेत अन्य स्कूल के बच्चों ने लेक को स्वच्छ रखने की पहल शुरू की है. इसके तहत लेक परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया. लेक किनारे बिखरे गंदगी को एकत्रित किया गया. पर्यावरण दिवस को लेकर वन विभाग की ओर से यह पहल की है. इस दौरान विद्यार्थी और शिक्षकों ने डिमना लेक में असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर रोक लगाने की मांग की. छात्रों ने कहा कि सभी के सहयोग से ही डिमना लेक को स्वच्छ रखा जा सकता है.
10 मॉडर्न रेस्ट हाउस बनेंगे
डिमना लेक को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसके तहत यहां 10 मॉडर्न रेस्ट हाउस बनाए जाएंगे. लेक के किनारे कुटिमाकुली में वन विभाग इसका निर्माण कराएगा. इसके अलावा यहां आने वाले पर्यटकों को और भी कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यहां आने वाले पर्यटकों की सुरखा को लेकर है. अड्डेबाजी के कारण यहां आने वाले पर्यटक खुद को असहज महसूस कर रहे है. पर्यटकों की मांग है कि यहां सुरक्षा के प्रबंध किए जाए. जानकारी ही की डिमना लेक शहर का प्रमुख पर्यटन स्थल है. चारों ओर पहाड़ से घिरे इस लेक की खूबसूरती लोगों को अपनी ओर खींच लाती है. लेकिन अब असामाजिक तत्व यहां की खूबसूरती पर दाग लगा रहे है.