सरायकेला (Saraikela): सरायकेला पुलिस ने बंद घर से चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. इस मामले में पुलिस ने 2 चोरों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई खरसावां थाना की पुलिस ने की है. शनिवार को
सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश दुबे ने मामले का खुलासा किया. गिरफ्तार आरोपियों में खरसावां के कपसाडीह निवासी एहसान हुसैन और रहमत अली को पुलिस ने जेल भेज दिया है. उनके पास से पुलिस ने सात हजार रुपए समेत कई दस्तावेज बरामद किया है.
31 जुलाई को कपसाडीह (बड़ा खेड़ी) में रहने वाले 55 वर्षीय व्यक्ति के बंद घर में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. इस मामले में पीड़ित ने खरसावां थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कराई थी. शिकायत में कहा गया था कि वे घर बंद कर अपने परिवार के साथ बाहर गए थे. इसी बीच घर का ताला तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश दुबे ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया था. जांच में सामने आया कि
कपसाडीह गांव के ही युवकों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों को घर बंद होने की जानकारी थी. इसी का फायदा उठाते हुए चोरी की. दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. इस कार्रवाई में खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, एसआई कुंवर सोरेन, एसआई हेमंत प्रसाद सिंह, हवलदार अर्जुन कुमार तथा आरक्षी समातान महतो शामिल रहे.
रिपोर्ट: वीरेंद्र मंडल

