टाटानगर से पुरी के लिए कल से दौड़ेगी पहली सीधी ट्रेन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिखाएंगी हरी झंडी
टाटानगर रेलवे स्टेशन से अब सीधे ओडिशा के पुरी तक ट्रेन का सफर आसान होगा. बादामपहाड़-टाटानगर-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का उद्घाटन 4 नवंबर को किया जाएगा. इस नई ट्रेन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी. इसके शुरू होने से टाटानगर और पुरी के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी.
जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): लौहनगरी जमशेदपुर और आसपास के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. टाटानगर रेलवे स्टेशन से अब सीधे ओडिशा के पुरी तक ट्रेन से सफर करने का रास्ता खुलने जा रहा है. बादामपहाड़-टाटानगर-पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का उद्घाटन 4 नवंबर को किया जाएगा. इस नई ट्रेन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी. इसके शुरू होने से टाटानगर और पुरी के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है.
दरअसल, इस ट्रेन का उद्घाटन पहले 28 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन चक्रवात और खराब मौसम के कारण कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा था. अब रेलवे विभाग ने 4 नवंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रंगपुर से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगी. इसके बाद ट्रेन बादामपहाड़ होते हुए टाटानगर पहुंचेगी और यहां से पुरी के लिए रवाना होगी. इस नई रेल सेवा को क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है.
अब तक टाटानगर से पुरी जाने वाले यात्रियों को सीधे ट्रेन की सुविधा के लिए विकल्पों और कनेक्टिंग ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ता था. नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरू होने से जमशेदपुर के अलावा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी पुरी की यात्रा करने में आसानी होगी. खासकर जगन्नाथ मंदिर के दर्शन और धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं. इस संबंध में रेलवे के डीआरएम तरुण हुरिया ने भी तैयारियों की जानकारी दी है.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा