'मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं'... शादी से पहले युवक की हुई मौत, बहन को भेजा था आखिरी मैसेज 

'मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं'... शादी से पहले युवक की हुई मौत, बहन को भेजा था आखिरी मैसेज

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वती नगर से एक बड़ा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां गाड़ाबासा स्थित मदन चक्की के सामने एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है.मृतक की पहचान फ्रांसिस बाकची उर्फ सोनू के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है.

कुछ दिनों से तनाव में रह रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक फ्रांसिस बाकची स्वर्गीय कामेश्वर झा के मकान में किराए पर रहता था.स्थानीय लोगों एवं परिजनों के मुताबिक, उसका विवाह परसुडीह के करणडेही क्षेत्र की एक युवती से होने वाला था.वह पूर्व में भी वैवाहिक संबंध में रह चुका था, लेकिन बाद में वह संबंध टूट गया था.परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनू पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था. शादी की तैयारियों और अन्य खर्चों को लेकर वह काफी चिंतित रहता था.

कार बेचने की भी बात कही थी

 बताया जा रहा है कि उसने अपने परिचितों से कहा था कि आर्थिक व्यवस्था करने के लिए उसे अपनी मारुति डिजायर कार तक बेचनी पड़ सकती है.बाद में उसने अपनी गाड़ी लगभग दो लाख रुपये में बेच दी थी.जानकारी के अनुसार, फ्रांसिस बाकची पूर्व में एयरबेस लॉजिस्टिक्स में कार्यरत था. इसके बाद वह गम्हरिया स्थित बीएमडब्ल्यू आईएसएल के यार्ड में काम कर रहा था.मृतक अपने पीछे एक भाई और एक बहन को छोड़ गया है.घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. पड़ोसियों का कहना है कि सोनू पिछले कुछ समय से तनाव में दिखाई देता था. मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को भी उपलब्ध कराई गई है.

भाई बहन को मैसेज करके बताया था आत्महत्या की बात

फिलहाल गोलमुरी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.मृतक के भाई रॉबर्ट साक्षी ने बताया कि, मेरे भाई ने मरने से पहले मेरी बहन को 2:30 बजे रात को मैसेज किया की मैं अपने परिस्थितियों से परेशान हो गया हूं इसीलिए मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं.

रिपोर्ट-रंजीत ओझा