टाटा मोटर्स कर्मचारियों को कंपनी का तोहफा, 14 प्रतिशत बोनस और 151 एफटीए की बहाली का ऐलान

टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के वार्षिक बोनस समझौते पर सोमवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच सहमति बन गई. लंबी वार्ता के बाद कर्मचारियों को 14 प्रतिशत बोनस देने पर मुहर लगी, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई.

जमशेदपुर: टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के वार्षिक बोनस समझौते पर सोमवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच सहमति बन गई. लंबी वार्ता के बाद कर्मचारियों को 14 प्रतिशत बोनस देने पर मुहर लगी, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई. समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 85,176 रुपये तथा औसतन 52,637 रुपये बोनस के रूप में प्राप्त होंगे.

बोनस समझौते के साथ रोजगार के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. प्रबंधन ने प्लांट में 151 फुल टर्म अप्रेंटिस (एफटीए) की नई बहाली पर सहमति जताई है. इसके अलावा प्रत्येक कर्मचारी को 1,150 रुपये का टोकन गिफ्ट भी दिया जाएगा.

समझौते के बाद कंपनी गेट पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. कर्मचारियों और यूनियन समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी. यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया. ढोल-नगाड़ों की धुन पर कर्मचारियों ने जमकर नृत्य किया और खुशी का इजहार किया.

गौरतलब है कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में कर्मचारियों को 12.3 प्रतिशत बोनस मिला था. उस समय अधिकतम बोनस राशि 75,223 रुपये और औसत बोनस 50,160 रुपये था. इसके अलावा लगभग 1,200 बाइसिक्स कर्मियों को 8.33 प्रतिशत बोनस तथा 225 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 15,085 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई थी.

इस वर्ष बोनस प्रतिशत बढ़कर 14 प्रतिशत होने से कर्मचारियों को मिलने वाली अधिकतम और औसत बोनस राशि में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. बोनस समझौते को कर्मचारियों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, वहीं 151 एफटीए की नई बहाली से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.

बोनस समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान प्लांट हेड अनुराग छारिया, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आर.के. सिंह सहित प्रबंधन और यूनियन के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

रिपोर्ट: रंजीत ओझा