जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां बालू लदे 407 ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी चार बाइक, एक बलेनो कार और एक बाउंड्री वॉल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.
शराब के नशे में था ट्रक का चालक
बताया जा रहा है कि ट्रक का चालक शराब के नशे में था और तेज गति से बिरसानगर की बस्ती से गुजर रहा था. इसी दौरान उसने सड़क किनारे पार्किंग में खड़ी चार बाइकों को रौंद दिया. इतना ही नहीं, चालक नशे में इस कदर था कि बाउंड्री वॉल को टक्कर मारते हुए बलेनो कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऐसा लगा मानो 407 ट्रक और कार के बीच सीधी भिड़ंत हुई हो.
ट्रक का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार
उधर, अनियंत्रित होने के बाद ट्रक का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोग सुबह से मुआवजे की मांग को लेकर बिरसानगर मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे है. प्रदर्शनकारी ट्रक चालक और वाहन मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी मांग कर रहे है.
इसी रास्ते से होती है अवैध बालू की सप्लाई
आपको बता दें कि जिस सड़क पर यह घटना हुई, उसे चोरी के बालू के परिवहन का रास्ता बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू माफिया इसी रास्ते से अवैध बालू शहर में खपाते है.
रिपोर्ट-रंजीत ओझा

