सरायकेला: आदित्यपुर में बेखौफ स्नैचर, महिला से चेन झपटकर बाइक सवार बदमाश हुए फरार

सरायकेला: आदित्यपुर में बेखौफ स्नैचर, महिला से चेन झपटकर बाइक सवार बदमाश हुए फरार

सरायकेला (Saraikela): सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर में अपराध चरम पर है. आदित्यपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हत्या और जानलेवा हमलों के बीच अब अपराधियों ने एक महिला से चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया है.बुधवार की सुबह दूध लेकर घर वापस लौट रही महिला बबीता सिंह से स्नेचिंग हुई. टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित भाटिया बस्ती सर्विस रोड पर बाइक सवार 2 बदमाशों ने महिला से चेन छीन लिया और मौके से भाग निकले. महिला जबतक शोर मचाती तब तक बदमश काफी दूर जा चुके थे. स्नेचिंग की यह घटना पास की लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सूचना पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. पीड़ित महिला से भी पूछताछ की. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों का पता लगा रही है. घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई. आदित्यपुर में बढ़ते अपराध को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई. लोग पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे थे. पीड़ित महिला रिटायर्ड कर्नल दिलीप सिंह की पत्नी है.
पीड़ित महिला ने बताया कि मैं सुबह दूध लेने बाजार आई थी. घर वापस लौटने के क्रम में बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन स्नेचिंग कर ली. बदमाश सामने से आए और झपट्टा मार कर चेन छीन लिया. सीसीटीवी में दिख रहा है कि बाइक सवार बदमाश हेलमेट पहने हुए थे. थोड़ी दूर खड़ा होकर दोनों महिला के आने का इंतजार कर रहे थे. मौका मिलते ही दोनों ने चेन छीन ली. जानकारी हो कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से लगातार अपराधिक घटनाएं हो रही है. दिन दहाड़े एक युवक की हत्या के बाद 2 दिनों पहले एक युवक पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला हुआ था. यहां हो रही लगातार अपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत है.