सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलियाडीह स्थित शीतला मंदिर के सामने जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा के हत्या मामले में पुलिस को सफलता मिली है. आदित्यपुर पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसे गम्हरिया हाट बाजार से गिरफ्तार किया. उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस जल्द इस मामले का उद्भेदन कर सकती है. हत्या के मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक और सभी आरोपी दोस्त है. खाने-पीने के दौरान हुए विवाद में जगन्नाथ की अरोपियों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी.
जगन्नाथ की हत्या से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उसके दोनों बच्चे अनाथ हो गए है. जानकारी के अनुसार जगन्नाथ की पत्नी का निधन पूर्व में हो चुका है. ऐस में जगन्नाथ की हत्या के बाद उसके दोनों बच्चों के सिर से माता के बाद अब पिता का साया भी उठ गया. जगन्नाथ की हत्या में उठ गया है. इस मामले के मृतक के भाई के बयान पर प्रेम समेत अन्य आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है.
बताते चलें कि शनिवार की दोपहर बदमाशों ने जगन्नाथ की हत्या धारदार हथियार से वार कर की थी. कई लोगों के सामने ही आरोपियों ने जगन्नाथ पर धारदार हथियार से कई वार किए. लेकिन डर से बीच बचाव करने कोई नहीं आया. हत्या करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे. आदित्यपुर पुलिस के अलावा गम्हरिया पुलिस भी जांच के लिए मौके पर पहुंची थी. घटना को लेकर इलाके में तनाव है.

