सरायकेला: आदिवासी युवती से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, कपाली ओपी प्रभारी समेत 3 निलंबित

सरायकेला: आदिवासी युवती से मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, कपाली ओपी प्रभारी समेत 3 निलंबित

सरायकेला( SARAIKELA): कपाली ओपी में एक आदिवासी युवती से कथित मारपीट मामले में सरायकेला एसपी निधि द्विवेदी ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में कपाली ओपी प्रभारी समेत थाना के 3 पुलिस कर्मियों को निलंबित किया है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, कपाली ओपी में पदस्थित मो मुकलेसुर रहमान और महिला आरक्षी कंचन को निलंबित किया गया है. मंगलवार की शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी गई. आदिवासी युवती से मारपीट की घटना सामने आने के बाद मामले की जांच का जिम्मा चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी को दिया गया था. जांच रिपोर्ट में कपाली ओपी प्रभारी समेत तीन पुलिस कर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने तीनों को तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया. तीनों पर विभागीय कार्रवाई की भी अनुशंसा की गई है. एसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा  है. 
क्या है मामला 
कपाली ओपी क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की रहने वाली एक आदिवासी युवती को पूछताछ के नाम पर थाने बुलाकर उसके साथ मारपीट का मामला मंगलवार की सुबह प्रकाश में आया था. घटना को लेकर स्थानीय लोगों और आदिवासी समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही थी. अल्पना माहली नामक युवती को 15 जून को कपाली ओपी से फोन कर पूछताछ के लिए बुलाया गया था. इस दौरान युवती ने पुलिस कर्मियों के पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था. उक्त युवती को उसकी एक परिचित युवती के लापता होने का बाद पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया था, जहां उसके साथ मारपीट की गई. सोशल मीडिया पर विजय सोय नामक व्यक्ति द्वारा आदिवासी युवती के साथ मारपीट का दावा किया गया था.  कपाली पुलिस पर आदिवासी युवती के साथ तीन घंटे तक थाना में पिटाई का आरोप लगा था.