जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया है. इसी को लेकर रघुवर दास जमशेदपुर के टेल्को स्थित घोड़ाबांधा आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अर्जुन मुंडा की दिवंगत मां के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
रघुवर दास ने परिवार को बंधाया ढांढस
रघुवर दास ने दिवंगत आत्मा को नमन करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की. उन्होंने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है और उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और अर्जुन मुंडा सहित पूरे परिवार को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति दें.
शोक जताने पहुंच रहे शुभचिंतक
अर्जुन मुंडा की मां के निधन के बाद लगातार राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं. रघुवर दास का उनके आवास पहुंचना भी इसी संवेदना का हिस्सा रहा. इस दौरान उन्होंने दिवंगत मां की तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और परिवार के सदस्यों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संदेश दिया.
बता दें, अर्जुन मुंडा की मां का कुछ दिन पहले निधन हो गया था. उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है. अर्जुन मुंडा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी मां के निधन की जानकारी साझा की थी. उन्होंने भावुक संदेश में कहा था कि मां के जाने से उनके जीवन से केवल ममता का साया ही नहीं, बल्कि सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया है.
रिपोर्ट- रंजीत कुमार ओझा

