जमशेदपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 510 ग्राम गांजा के साथ एक शख्स गिरफ्तार

परसुडीह पुलिस ने खखरीपाड़ा-जादुगोड़ा मार्ग पर छापेमारी कर 510 ग्राम गांजा के साथ शशि कुमार भगत उर्फ दिलखुश को गिरफ्तार किया. पुलिस गांजा सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है.

जमशेदपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 510 ग्राम गांजा के साथ एक शख्स गिरफ्तार

जमशेदपुर (JAMSHEDPUR)  : नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में परसुडीह थाना पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से पुलिस ने 510 ग्राम गांजा बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शशि कुमार भगत उर्फ दिलखुश के रूप में हुई है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया.

गांजा खरीद-बिक्री की मिली थी गुप्त सूचना

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र में खखरीपाड़ा से जादुगोड़ा जाने वाले मार्ग पर गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.

तलाशी के दौरान 510 ग्राम गांजा बरामद

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान और आसपास के इलाके में छापेमारी अभियान चलाया. इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस की नजर में आया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 510 ग्राम गांजा बरामद हुआ. इसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त कर शशि कुमार भगत उर्फ दिलखुश को गिरफ्तार कर लिया.

पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपी के गांजा की खरीद-बिक्री से जुड़े होने की बात सामने आई है. अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया जाता था और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जाती थी. इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. सिटी एसपी ने कहा कि शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा.

रिपोर्ट – रंजीत कुमार ओझा