जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): कई सालों से लंबित अंडरपास और रेल ओवरब्रिज की निर्माण की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिला. निर्माण नहीं होने के विरोध में रहारगोड़ा रेलवे फाटक के पास लोगों ने विरोध जताते हुए धरना-प्रदर्शन किया. इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. हाथों में तख्तियां लेकर लोग सड़क पर बैठ गए और अंडरपास तथा रेल ओवरब्रिज जल्द से जल्द बनाने की मांग रखी. इस दौरान लोगों ने रेलवे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. सड़क पर टायर जलाकर विरोध भी प्रकट किया गया. जुगसलाई के विधायक प्रतिनिधि मिथुन चक्रवर्ती और मुखिया सुनीता नाग के नेतृत्व में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि ओवर ब्रिज और अंडर पास निर्माण की मांग यहां ए लोग वर्षों से कर रहे हैं. लेकिन रेलवे उनकी मांगों को अनसुना कर रहा है. कहा कि सालगझूरी, बारिगोड़ा, रहारगोड़ा और गोविंदपुर का फाटक अक्सर बंद रहते है. इससे हजारों लोगों को परेशानी होती है. फाटक पर लोगों की काफी इंतजार करना पड़ता है. अंडरपास और ओवर ब्रिज बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी.
समाधान नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रविवार को अपनी मांग को लेकर सांकेतिक आंदोलन किया गया. उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा. क्षेत्र की आबादी अधिक होने के बाद भी रेल ट्रैक के कारण लोगों का शहर से संपर्क कट जाता है. कई छोटे क्षेत्रों में अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण हो चुका है. लेकिन इस इलाके को रेलवे अनदेखा कर रहा है. कुछ साल पहले इलाके में ओवर ब्रिज और अंडरपास निर्माण की घोषणा हुई थी. 3 साल पहले निर्माण का शिलान्यास भी किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं हुआ. लोगों ने कहा कि जल्द ओवर ब्रिज या अंडरपास का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में लोगों के साथ आंदोलन किया जाएगा. धरने पर बैठे लोगों ने सांसद के प्रति भी नाराजगी देखी गई.