जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जमशेदपुर की पहचान सिर्फ उद्योगों और कारखानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां देश के वैज्ञानिक विकास में योगदान देने वाली कई महत्वपूर्ण संस्थाएं भी मौजूद हैं. इन्हीं में से एक है CSIR-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (NML), जिसने अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में सात दशक से अधिक का सफर पूरा किया है. गुरुवार को संस्थान के 77वें स्थापना दिवस समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.
वैज्ञानिक अनुसंधान में NML का अहम योगदान
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने संस्थान के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और कर्मचारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि पिछले 76 वर्षों में CSIR-NML ने खनिज, धातु और पदार्थ विज्ञान के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. यहां हुए शोध और नई तकनीकों ने देश के औद्योगिक विकास को मजबूती दी है.
राज्यपाल ने कहा कि संस्थान में खनिजों से उपयोगी पदार्थ तैयार करने, मजबूत और टिकाऊ धातुओं का विकास करने और औद्योगिक कचरे का दोबारा इस्तेमाल करने जैसे महत्वपूर्ण काम हो रहे हैं. आज उद्योग और रक्षा क्षेत्र में विशेष धातुओं की मांग बढ़ रही है. ऐसे में स्वदेशी तकनीक विकसित करना बेहद जरूरी है.
सेमीकंडक्टर और नई तकनीक पर जोर
उन्होंने सेमीकंडक्टर तकनीक का जिक्र करते हुए कहा कि मोबाइल, कंप्यूटर, कार और रक्षा उपकरणों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है. भारत इस क्षेत्र में अपनी क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है. इसके लिए नई सामग्रियों और तकनीकों का विकास जरूरी है.
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहल देश को आगे बढ़ा रही हैं. उन्होंने युवा वैज्ञानिकों से नए विचारों के साथ अनुसंधान करने और बड़े लक्ष्य तय करने की अपील की. साथ ही भरोसा जताया कि CSIR-NML आने वाले समय में विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा.
रिपोर्ट- लाला जाबीन
